Love at First sight
![]() |
| फोटो साभार: ब्यूटीफूल जयपुर के इंस्टा पेज से |
बस में बैठते हुए उसने कहा मैं न खिड़की के पास बैठूंगी। दोस्त ने कहा, ठीक है पर खिड़की ज़्यादा न खोलना नहीं तो भीग जाओगी। बस जब अपने अगले स्टॉप हरि मार्ग पर पहुंचती है, उसकी नज़रे देखती हैं, बारिश में आधा भीगा, आधा सूखा हुआ दोस्त के साथ चुपचाप बस के इंतजार में वो एक पेड़ के नीचे खड़ा था। बस रुकती है, वो अपने दोस्त के साथ चढ़ता है, थोड़े आश्चर्य के साथ मुस्कुराते हुए उसने उन दोनों को हेलो कहा। और उसकी सीट के अपोजिट खड़ा उसे एक टक मुस्कुराते हुए देख रहा था। वो अपने में सिमटी उसकी तरफ चोरी से देखती है। अचानक वो मुस्कुराते हुए उसका नाम ले बोलता है, सुनो, तुम्हारा ये छाता मैं ले जाऊं। वो घबराहट के साथ तुरन्त जवाब देती है नहीं। उसका स्टॉप आता है और वो अपने दोस्त के साथ उतर जाता है, जाते हुए बाय कहने वाली औपचारिकता होती हैं चारो के बीच।
उसी रात उसका फोन आता है, थोड़ी नाराज़गी में वो कहता है तुमने मुझसे बस में इतना रूखा व्यवहार क्यों किया, मेरे दोस्त ने बोला कि तुम्हारी वो दोस्त कितनी अजीब है। वो सॉरी बोलते हुए कहती है, मुझे ऐसे सबके सामने तुमसे बात करने में झिझक हो रही थी...वो इस वादे के साथ कि वो छुट्टी वाले दिन उससे मिलने आएगी,उसने उसे माफ कर दिया।
सालों बाद दूसरे शहर में जब वो दोनों मिलते हैं, हल्की बारिश हो रही थी, वो पूछती है सुनो तुम्हारी वो वाली शर्ट कहाँ है, जो उस बारिश वाले दिन तुम पहने थे, जब हम बस में मिले थे। वो आश्चर्य वाली हंसी के साथ कहता है, यार मैं भी भूल गया कि मेरी वो शर्ट गई कहा। वो मुस्कुराते हुए कहती है तुम्हें चीज़े सहजना कभी नहीं आएगा न। वो हंस देता है। वो कहता है तुम्हें अचानक से वो शर्ट कैसे याद आई, वो शरारत के साथ बोली इस बारिश ने उस लड़के की याद दिला दी, जिसे पहली बार बारिश में आधे भीगे आधे सूखे, अपने घुंघराले बालों को झटकते हुए बस पकड़ते हुए मैंने देखा था, और उस पल से मुझे उस लड़के से प्यार हो गया और Love at First sight कौन भूलता है भला, बोलो। इस बात पर दोनों हंस देते हैं।
#एक_लड़की_के_नोट्स

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें